हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की बाजार में रविवार देर रात एक भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। रात करीब 2:30 बजे अचानक एक रिहायशी मकान में लगी आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 8 साल की एक बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 7 से 8 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में 2 महिलाएं, 2 पुरुष और 4 बच्चे शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आग सबसे पहले एक घर में लगी और देखते ही देखते आसपास की दुकानों और मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में पूरा बाजार धुएं और आग की लपटों से घिर गया। इस हादसे में 6 से अधिक मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, वहीं कई दुकानें भी स्वाहा हो गईं।
LPG सिलेंडर फटने से बिगड़े हालात
आग के दौरान कई घरों और दुकानों में रखे LPG सिलेंडर फट गए, जिससे आग और भड़क उठी। लगातार हो रहे धमाकों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग दहशत में अपने घर छोड़कर बाहर भागने लगे। सिलेंडर विस्फोटों के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक बाजार का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। राहत और बचाव कार्य देर रात तक चलता रहा।
कारणों की जांच, लापता लोगों की तलाश जारी
घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय विधायक संजय अवस्थी ने हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
इस भीषण हादसे के बाद पूरे अर्की बाजार और आसपास के इलाकों में शोक और दहशत का माहौल है। कई परिवारों का सब कुछ इस आग में जलकर खत्म हो गया। प्रशासन की ओर से प्रभावितों को राहत पहुंचाने और नुकसान का आकलन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, वहीं आग लगने के कारणों की जांच भी की जा रही है।










