यूपी में फिर बढ़ेगी ठंड : घना कोहरा और कोल्ड डे का अलर्ट, 40 जिलों में चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। कोहरे के साथ कोल्ड डे जैसे हालात लौट आए हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। अगले 24 घंटे बाद प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज होने की संभावना है।

लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक 12 जनवरी को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। करीब 10 से अधिक शहरों में शीत दिवस जैसे हालात बन सकते हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

लखनऊ और नोएडा में कैसा रहेगा मौसम

राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह हल्का कोहरा देखने को मिलेगा। दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार यहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

वहीं नोएडा में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं और पूरे दिन कोल्ड डे जैसे हालात बने रहेंगे। इसे देखते हुए नोएडा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां न्यूनतम तापमान करीब 3 डिग्री और अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले तीन दिनों तक नोएडा के लोगों को ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है।

40 जिलों में कोहरे का असर

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के 40 जिलों में कोहरा छाया रहेगा, जिनमें से 20 जिलों में घना से घना कोहरा पड़ने की आशंका है।
सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, बिजनौर, मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, हापुड़, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, बलरामपुर और संतकबीरनगर में कोहरे और कोल्ड डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा रामपुर, बरेली, बलिया, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, गोंडा, सीतापुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, संभल और मुरादाबाद समेत आसपास के जिलों में 300 से 800 मीटर दृश्यता वाला कोहरा छाए रहने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

तापमान में और गिरावट के संकेत

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, अगले 24 घंटे के बाद प्रदेश में ठंड और तेज होगी। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमानों में गिरावट देखने को मिलेगी। बीते 24 घंटे में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान मेरठ में 4.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गोरखपुर, कुशीनगर और आजमगढ़ में शून्य दृश्यता वाला घना कोहरा भी दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने, विशेषकर सुबह और रात के समय यात्रा से बचने तथा ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें