लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भूमाफिया और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी है और आगे भी नियमित रूप से होती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि शिकायतों का त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जमीन कब्जा व मारपीट के मामलों में तेजी के निर्देश
जनता दर्शन में कई लोग जमीन पर अवैध कब्जा, मारपीट और अन्य कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की शिकायत लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से बात की और अधिकारियों से कहा कि जनपद स्तर पर कानून व राजस्व से जुड़े मामलों में तेजी से सुनवाई कर निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गंभीर बीमारियों के इलाज में मिलेगी आर्थिक मदद
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों से पीड़ित कुछ लोगों ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इलाज के लिए भरपूर आर्थिक सहायता दे रही है। जैसे ही अस्पताल से इलाज का अनुमान (एस्टिमेट) मिलेगा, तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने दोहराया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा।
बच्चों को दुलार
जनता दर्शन में पहुंचे बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री योगी का स्नेह भी देखने को मिला। उन्होंने बच्चों को दुलारा, चॉकलेट दी और उनका हालचाल जाना। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि ठंड के मौसम में बच्चों का विशेष ध्यान रखें। मुख्यमंत्री के इस अपनत्व भरे व्यवहार पर अभिभावकों ने आभार जताया।










