तेहरान। ईरान में जारी राजनीतिक अस्थिरता, हिंसक प्रदर्शनों और लगातार बिगड़ते सुरक्षा हालात के बीच तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने वहां मौजूद सभी भारतीय नागरिकों के लिए अहम एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने छात्रों, तीर्थयात्रियों, कारोबारियों और पर्यटकों सहित सभी भारतीयों से उपलब्ध किसी भी साधन के जरिए जल्द से जल्द ईरान छोड़ने की अपील की है।
भारतीय दूतावास ने स्पष्ट किया है कि यह सलाह भारत सरकार द्वारा 5 जनवरी 2025 को जारी की गई एडवाइजरी का विस्तार है। मौजूदा हालात को देखते हुए भारतीय नागरिकों को कमर्शियल फ्लाइट्स समेत उपलब्ध किसी भी परिवहन माध्यम का उपयोग कर ईरान से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
सावधानी बरतने और संपर्क में रहने की अपील
दूतावास ने ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों और पीआईओ (पीपल ऑफ इंडियन ओरिजिन) से पूरी सतर्कता बरतने को कहा है। एडवाइजरी में निर्देश दिया गया है कि लोग किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों से दूर रहें। साथ ही, स्थानीय मीडिया और आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें, ताकि हालात से जुड़े ताजा अपडेट मिलते रहें।
भारतीय नागरिकों को यह भी सलाह दी गई है कि वे अपने यात्रा और इमिग्रेशन से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज—जैसे पासपोर्ट और पहचान पत्र—हमेशा अपने पास रखें। किसी भी आपात स्थिति या सहायता की जरूरत पड़ने पर तुरंत भारतीय दूतावास से संपर्क करने को कहा गया है।
आपात संपर्क नंबर जारी
भारतीय दूतावास ने आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। ईरान में मौजूद भारतीय नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
+989128109115, +989128109109, +989128109102 और +98932179359।
अंतरराष्ट्रीय तनाव से बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि हाल के दिनों में ईरान में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन, हिंसा और सुरक्षा कार्रवाई की खबरें सामने आई हैं, जिससे विदेशी नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। इस बीच अमेरिका लगातार ईरान को सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दे रहा है। अमेरिकी सेना स्टैंडबाय मोड पर है। हालांकि फिलहाल सैन्य कार्रवाई पर रोक है, लेकिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि जरूरत पड़ने पर अमेरिका पीछे नहीं हटेगा।
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए भारत सरकार और भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह सख्त एडवाइजरी जारी की है।










