जौनपुर : चीनी मांझे की चपेट में आया डॅाक्टर, गर्दन कटने से मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जौनपुर जिले में बुधवार को चीनी मांझे की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा पंचहटिया स्थित प्रसाद इंटरनेशनल स्कूल के पास हुआ, जहां बाइक सवार युवक की गर्दन चीनी मांझे से कट गई। गर्दन से अत्यधिक खून बहने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

मृतक की पहचान केराकत कोतवाली क्षेत्र के शेखजादा मोहल्ला निवासी डॉक्टर समीर हासिमी (28) के रूप में हुई है। वह पेशे से फिजियोथेरेपिस्ट थे और केराकत बाजार में उनकी क्लीनिक संचालित थी।

घर लौटते समय हुआ हादसा

परिजनों के अनुसार, डॉक्टर समीर सुबह किसी डॉक्टर से मिलने की बात कहकर बाइक से जौनपुर गए थे। काम निपटाकर वह दोपहर करीब एक बजे बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पचहिया तिराहे के पास अचानक चीनी मांझे की चपेट में आ गए, जिससे उनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई।

स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण हादसा

घटनास्थल पर पहुंचे सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने इस हादसे को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक चलाते समय चीनी मांझे से गर्दन कटने के कारण युवक की जान चली गई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

चीनी मांझे को लेकर पुलिस की अपील

सीओ सिटी ने बताया कि चीनी मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसके खिलाफ जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद कुछ लोग ऑनलाइन माध्यम से चीनी मांझा मंगाकर इसका उपयोग कर रहे हैं, जो बेहद खतरनाक है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि मकर संक्रांति जैसे पर्व पर थोड़ी सी खुशी के लिए जानलेवा चीनी मांझे का इस्तेमाल न करें। त्योहार मनाएं, लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि किसी की जान को खतरा न पहुंचे।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें