जनता दर्शन : बेघर महिला को मिला न्याय का भरोसा, बोले सीएम योगी- सरकार हर सुख-दुख में प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह लखनऊ में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान एक बेघर महिला की पीड़ा सुनकर मुख्यमंत्री ने तुरंत पुलिस आयुक्त को आवश्यक कदम उठाने के आदेश दिए।

 

लखनऊ निवासी सीमा अपने दो छोटी बेटियों के साथ जनता दर्शन में पहुंचीं। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि ससुर के निधन के बाद पति और ससुराल वालों ने उन्हें घर से निकाल दिया है। आर्थिक तंगी के चलते वह बच्चियों के साथ दर-दर भटकने को मजबूर हैं। सीमा ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई कि उन्हें दोबारा ससुराल में रहने की अनुमति दिलाई जाए और बच्चों के पालन-पोषण के लिए मदद मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस आयुक्त को तत्काल उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मासूम अनन्या से संवाद ने छू लिया दिल

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने माता-पिता के साथ आए बच्चों को चॉकलेट दी और मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। इसी बीच सीमा की दो साल की बेटी अनन्या भी वहां मौजूद थी। मुख्यमंत्री ने उसे भी चॉकलेट दी और स्नेह से बात की। चॉकलेट पाकर बच्ची खिलखिला उठी। जब मुख्यमंत्री ने मजाक में उससे चॉकलेट मांगी तो अनन्या ने मासूमियत से वह चॉकलेट सीएम की ओर बढ़ा दी। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग भाव-विभोर हो गए और मुख्यमंत्री का बालप्रेम सभी के दिलों को छू गया।

विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर भी हुई सुनवाई

जनता दर्शन में पुलिस, बिजली विभाग और आर्थिक सहायता से जुड़े कई प्रकरण भी सामने आए। मुख्यमंत्री ने सभी फरियादियों से प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर मामले की निष्पक्ष जांच कर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए। इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने वालों से अस्पताल का एस्टिमेट मंगाने को कहा गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार प्रदेशवासियों के हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ी है और हर जायज समस्या का समाधान कराना सरकार की प्राथमिकता है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें