अपर्णा यादव संग तस्वीर शेयर कर प्रतीक यादव ने तलाक की अफवाहों पर लगाया विराम, बोले- ऑल इज गुड…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी अपर्णा यादव के साथ इंस्टाग्राम पर एक नई तस्वीर साझा कर हाल के विवाद और तलाक की अटकलों पर विराम लगा दिया है। तस्वीर के साथ प्रतीक यादव ने कैप्शन में लिखा, “ऑल इज गुड” और आगे कहा कि चैंपियन वही होते हैं जो अपनी निजी और पेशेवर परेशानियों को सुलझा लेते हैं। उन्होंने खुद को एक “चैंपियन परिवार” बताया।

दरअसल, कुछ दिन पहले प्रतीक यादव के सोशल मीडिया पोस्ट ने हलचल मचा दी थी। उन्होंने अपर्णा यादव को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए तलाक देने की बात कही थी। इसके बाद दोनों के रिश्ते में तनाव और अलगाव की खबरें तेजी से फैलने लगी थीं।

हालांकि अब प्रतीक यादव ने साफ किया है कि 19 जनवरी को दोनों के बीच गंभीर विवाद हुआ था, लेकिन अब सबकुछ ठीक हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग इस सुलह से खुश नहीं हैं, वे बेवजह बयानबाजी कर रहे हैं। उनके इस नए पोस्ट को रिश्ते में आई दरार के खत्म होने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

वहीं, अपर्णा यादव के भाई अमन बिष्ट ने विवाद की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि दोनों के बीच कभी कोई गंभीर समस्या थी ही नहीं। उन्होंने इसे परिवार के खिलाफ रची गई साजिश बताया, जो नाकाम रही।

गौरतलब है कि प्रतीक यादव और अपर्णा बिष्ट यादव की शादी वर्ष 2011 में हुई थी, जो उस समय काफी चर्चा में रही थी। शादी से पहले दोनों करीब आठ साल तक दोस्त रहे। इस विवाह समारोह में अमिताभ बच्चन और अनिल अंबानी जैसे कई बड़े नाम शामिल हुए थे। दोनों की एक बेटी प्रथमा है।

अपर्णा यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं और भाजपा से जुड़ी हुई हैं, जबकि प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र हैं।

हालिया घटनाक्रम ने यादव परिवार की निजी जिंदगी को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है, लेकिन अब दोनों की साझा तस्वीर और बयान से यह साफ संकेत मिल रहा है कि सबकुछ सामान्य हो चुका है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें