New Delhi : टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत में अब दो हफ्ते से भी कम समय बचा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 7 फरवरी को खेला जाएगा, जबकि खिताबी भिड़ंत 8 मार्च को होगी। भारत, इंग्लैंड, पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका सहित अधिकांश टीमों ने अपने-अपने स्क्वाड घोषित कर दिए हैं।
आईसीसी के नियमों के मुताबिक, सभी टीमों को 31 जनवरी तक अपने स्क्वाड में बदलाव की अनुमति है। इसी को लेकर टीम इंडिया के संभावित फेरबदल पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि चयन समिति आखिरी तारीख से पहले भारतीय टीम में कुछ अहम बदलाव कर सकती है।
चोट और फॉर्म बनी चयनकर्ताओं की चिंता
भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ी इस वक्त चोट और खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। ऐसे में संतुलित और मजबूत प्लेइंग इलेवन तैयार करने के लिए चयनकर्ता स्क्वाड पर दोबारा विचार कर सकते हैं।
ये 3 खिलाड़ी हो सकते हैं वर्ल्ड कप से बाहर
वाशिंगटन सुंदर
वाशिंगटन सुंदर को न्यूजीलैंड के खिलाफ वडोदरा में खेले गए वनडे मुकाबले के दौरान गेंदबाजी करते समय चोट लग गई थी। इसके बाद वह टी20 सीरीज से बाहर हो गए थे। हालांकि वह अभी भी वर्ल्ड कप स्क्वाड में शामिल हैं, लेकिन पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें मैच फिट होने में कम से कम दो सप्ताह और लग सकते हैं, जिससे उनके बाहर होने की संभावना बढ़ गई है।
तिलक वर्मा
तिलक वर्मा भी फिलहाल पूरी तरह फिट नहीं हैं। विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान हैदराबाद के लिए खेलते समय उन्हें चोट लगी थी। कयास हैं कि वह 3 फरवरी को मुंबई में टीम इंडिया से जुड़ सकते हैं। बीसीसीआई के अनुसार उनकी स्थिति में सुधार है, लेकिन पूर्ण फिटनेस को लेकर अब भी संशय बना हुआ है। ऐसे में उनका स्क्वाड से बाहर होना भी संभव माना जा रहा है।
संजू सैमसन
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में संजू सैमसन का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। ओपनर के रूप में खेलते हुए उन्होंने तीन पारियों में महज 16 रन बनाए। उनकी खराब फॉर्म टीम संयोजन के लिए चिंता का विषय बन गई है। अगर आगे भी उनका बल्ला खामोश रहता है, तो चयनकर्ता ईशान किशन को ओपनिंग विकल्प के तौर पर तरजीह दे सकते हैं।
टीम संयोजन पर पड़ेगा सीधा असर
अगर तिलक वर्मा पूरी तरह फिट होकर टीम में जगह बनाते हैं, तो इन-फॉर्म ईशान किशन को बाहर बैठना पड़ सकता है। वहीं, यदि संजू सैमसन की खराब फॉर्म जारी रहती है, तो टीम मैनेजमेंट ईशान किशन की मौजूदा लय का फायदा उठाने का फैसला कर सकता है।
टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया का अंतिम स्क्वाड क्या होगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।










