मुंबई। सनी देओल स्टारर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ गणतंत्र दिवस से ठीक पहले 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और रिलीज होते ही इसने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त रफ्तार पकड़ ली है। देशभक्ति के रंग में रंगी इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। वीकेंड ही नहीं, बल्कि वीकडेज में भी फिल्म शानदार प्रदर्शन कर रही है। ताबड़तोड़ कमाई के साथ ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के महज 6 दिनों में 6 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं।
6 दिनों में कितनी हुई कमाई?
‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर 30 करोड़ रुपये की दमदार ओपनिंग की थी। इसके बाद ओपनिंग वीकेंड तक फिल्म की रफ्तार और तेज होती गई और इसने करीब 180 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया। पांचवें दिन मंगलवार को फिल्म ने लगभग 20 करोड़ रुपये कमाए। वहीं सैकनिल्क की शुरुआती ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, छठे दिन यानी बुधवार को फिल्म ने 13 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में ‘बॉर्डर 2’ की 6 दिनों की कुल नेट कमाई 213 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।
‘बॉर्डर 2’ ने बनाए 6 बड़े रिकॉर्ड
-
फिल्म ने 6 दिनों में 213 करोड़ रुपये कमाकर रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ के पहले हफ्ते के 207 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
-
साल 2025 की कई बड़ी हिंदी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया, जिनमें ‘सितारे जमीन पर’ (166.58 करोड़), ‘रेड’ (179.3 करोड़) और ‘हाउसफुल’ (198.4 करोड़) शामिल हैं।
-
आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘थामा’ की छठे दिन की कमाई (12.5 करोड़) को भी पछाड़ दिया।
-
सलमान खान की सुपरहिट फिल्म ‘सुल्तान’ की 6 दिनों की कमाई 195.90 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड भी टूट गया।
-
फिल्म ने ‘छावा’ के 6 दिनों के कलेक्शन 197.75 करोड़ रुपये को पीछे छोड़ दिया।
-
इसके साथ ही ‘टाइगर 3’ के 6 दिनों की कमाई 196 करोड़ रुपये को भी मात दे दी।
दमदार स्टार कास्ट
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा मोना सिंह, सोनम बाजवा और मेधा राणा सहित कई कलाकारों ने भी फिल्म में मजबूत अभिनय किया है।
कुल मिलाकर, ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा मोर्चा संभाला है कि आने वाले दिनों में इसके और भी बड़े रिकॉर्ड बनाने की पूरी उम्मीद की जा रही है।










