अब आधार से जुड़ा कोई भी काम कराने के लिए लंबी लाइन, टोकन या आधार केंद्र के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। UIDAI ने नया Aadhaar App लॉन्च कर दिया है, जिसके जरिए आधार की ज्यादातर जरूरी सेवाएं मोबाइल पर ही उपलब्ध करा दी गई हैं। मोबाइल नंबर अपडेट करना हो, पता बदलना हो, पहचान सत्यापित करनी हो या बायोमेट्रिक सुरक्षा को कंट्रोल करना हो, अब यह सब कुछ घर बैठे कुछ ही मिनटों में किया जा सकेगा।
सरकार का मकसद इस ऐप के जरिए आधार को सिर्फ डिजिटल नहीं, बल्कि पूरी तरह यूजर-कंट्रोल्ड बनाना है। आम लोगों के लिए इसका सीधा मतलब है, कम भागदौड़, ज्यादा सुरक्षा और हर सुविधा अपने हाथ में।
घर बैठे अपडेट होंगे मोबाइल नंबर और पता
नए आधार ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अब बेसिक अपडेट के लिए आधार केंद्र जाना जरूरी नहीं रहा। ऐप के होम सेक्शन से ही मोबाइल नंबर और एड्रेस अपडेट की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। जरूरी जानकारी भरकर और संबंधित दस्तावेज अपलोड करके रिक्वेस्ट सबमिट की जा सकेगी।
इतना ही नहीं, ऐप के Profile सेक्शन में पूरे परिवार का आधार मैनेज करने का विकल्प भी दिया गया है। एक ही अकाउंट से पांच सदस्यों तक का आधार जोड़ा जा सकता है। यानी बच्चों, माता-पिता या बुजुर्गों के लिए अलग-अलग लॉगिन की झंझट खत्म। पूरे परिवार के आधार से जुड़े काम एक ही ऐप से आसानी से संभाले जा सकेंगे।
बायोमेट्रिक और सिक्योरिटी पर पूरा कंट्रोल
नया आधार ऐप सिर्फ सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह यूजर को सुरक्षा का पूरा अधिकार भी देता है। अब फिंगरप्रिंट, फेस और आईरिस डेटा को ऐप के जरिए लॉक किया जा सकता है, जिससे बिना आपकी अनुमति कोई भी आधार का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। जरूरत पड़ने पर इस लॉक को अस्थायी रूप से अनलॉक भी किया जा सकता है।
इसके अलावा ऐप में Aadhaar Authentication History भी उपलब्ध होगी। यानी कब, कहां और किस उद्देश्य से आपका आधार इस्तेमाल हुआ। इसकी पूरी जानकारी आपके मोबाइल पर रहेगी। 13 भारतीय भाषाओं के सपोर्ट के साथ यह ऐप गांव से लेकर शहर तक हर यूजर के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहा है।
अब आधार नंबर बताने की जरूरत नहीं
पहचान साबित करने के लिए अब हर जगह आधार नंबर देने की मजबूरी भी खत्म हो रही है। नए ऐप में Offline Verification और Selective Share जैसे फीचर दिए गए हैं। इसका मतलब यह है कि यूजर खुद तय करेगा कि सामने वाले को सिर्फ नाम दिखाना है, फोटो, उम्र या पता पूरा डेटा साझा करना जरूरी नहीं होगा।
ऐप में मिलने वाले QR कोड को स्कैन कराकर होटल, ऑफिस, सिम कार्ड या किसी भी सर्विस सेंटर पर तुरंत पहचान सत्यापित की जा सकेगी। न फोटोकॉपी की जरूरत, न प्रिंटआउट और न ही OTP की झंझट। बस फोन दिखाइए और काम हो जाएगा।
कुल मिलाकर, UIDAI का यह नया Aadhaar App आधार को पहले से ज्यादा सुरक्षित, आसान और प्राइवेसी-फ्रेंडली बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।










