कोडीन कफ सिरप केस में बड़ी कार्रवाई, सोनभद्र पुलिस ने वाराणसी में भोला जायसवाल की 6 करोड़ की 7 संपत्तियां जब्त 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी/सोनभद्र। कोडीन कफ सिरप तस्करी के खिलाफ सोनभद्र पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। टीम ने इस मामले के मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के पिता भोला प्रसाद जायसवाल की वाराणसी में स्थित करीब 6 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियां जब्त कर ली हैं। पुलिस की यह कार्रवाई तस्करी से अर्जित संपत्तियों पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

सोनभद्र जिले में पहली बार कोडीन कफ सिरप की बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई थी। उसी केस की गहन जांच के दौरान अब तक सोनभद्र पुलिस करीब 28 करोड़ 8 लाख रुपये की अवैध संपत्तियां जब्त कर चुकी है। शनिवार को SIT ने वाराणसी में फैले नेटवर्क को निशाना बनाते हुए यह ताजा कार्रवाई की।

इन इलाकों में हुई संपत्तियों की सीज कार्रवाई

SIT टीम ने वाराणसी के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित कुल 7 अचल संपत्तियों को सीज किया है। इनमें शिवपुर के भरलाई इलाके में एक आवासीय प्लॉट, पिंडरा क्षेत्र के जगदीशपुर में पांच संपत्तियां और मड़ौली क्षेत्र में स्थित एक संपत्ति शामिल है।

वाहन जब्त, बैंक खाते फ्रीज

पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के नाम पर पंजीकृत चार वाहन भी जब्त किए गए हैं। इनमें एक फॉर्च्यूनर कार, एक आई-20 कार और दो स्कूटी शामिल हैं। इन वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 51 लाख रुपये बताई जा रही है।
इसके अलावा आरोपियों के बैंक खातों में जमा लगभग 71 लाख रुपये की रकम को भी फ्रीज कर दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वाराणसी में अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर उन्हें सीज करने की कार्रवाई लगातार जारी है। सबसे पहले शिवपुर के भरलाई क्षेत्र में स्थित आवासीय प्लॉट को सीज किया गया, इसके बाद अन्य संपत्तियों पर कार्रवाई की गई।

तस्करी नेटवर्क पर कसेगा और शिकंजा

सोनभद्र पुलिस का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई कोडीन कफ सिरप की अवैध तस्करी से कमाई गई संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया का हिस्सा है। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें