यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, बस से उतरे यात्रियों को कंटेनर ने कुचला, 6 की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मथुरा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन-88 के पास सुबह करीब 2:45 बजे हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, एक स्लीपर बस दिल्ली के नागलोई से कानपुर देहात के रसूलाबाद जा रही थी। रास्ते में कुछ यात्रियों ने बाथरूम जाने के लिए बस रुकवाने की मांग की। चालक ने नियमों को नजरअंदाज करते हुए ग्रीन जोन की बजाय एक्सप्रेस-वे पर ही बस रोक दी। इसी दौरान कुछ यात्री बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े हो गए।

तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक कंटेनर ने पहले खड़ी बस को जोरदार टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े यात्रियों को रौंद दिया। हादसे में 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। कंटेनर चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों के समुचित इलाज और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद देने के आदेश दिए हैं।

पुलिस फरार कंटेनर चालक की तलाश में जुटी है और हादसे की जांच की जा रही है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें