भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर पीएम मोदी ने जताया ट्रंप का जताया आभार, बोले- ‘मेक इन इंडिया’ को…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि दोनों देशों के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते (Interim Trade Deal) के ढांचे पर सहमति बन गई है। पीएम मोदी ने इसे भारत और अमेरिका दोनों के लिए “बड़ी खुशखबरी” बताते हुए कहा कि यह समझौता दोनों महान देशों के मजबूत और भरोसेमंद संबंधों को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आभार जताते हुए कहा कि भारत-अमेरिका रिश्तों को मजबूती देने के प्रति उनकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता इस समझौते में साफ नजर आती है।

‘मेक इन इंडिया’ को मिलेगा नया विस्तार

पीएम मोदी ने कहा कि यह ट्रेड फ्रेमवर्क दोनों देशों के बीच बढ़ते विश्वास, साझेदारी की गहराई और गतिशीलता को दर्शाता है। इससे भारत के मेहनती किसानों, उद्यमियों, लघु एवं मध्यम उद्योगों, स्टार्टअप इनोवेटर्स, मछुआरों समेत कई वर्गों के लिए नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने कहा कि यह समझौता ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को और मजबूत करेगा और देश में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन का मार्ग प्रशस्त करेगा, खासतौर पर महिलाओं और युवाओं के लिए।

निवेश और टेक्नोलॉजी साझेदारी होगी मजबूत

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत और अमेरिका इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह फ्रेमवर्क दोनों देशों के बीच निवेश और टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप को और सशक्त करेगा। इसके साथ ही लचीली और भरोसेमंद सप्लाई चेन विकसित होंगी, जिससे वैश्विक विकास को भी गति मिलेगी। पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए भारत ऐसी वैश्विक साझेदारियां बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जो भविष्य उन्मुख हों और साझा समृद्धि में योगदान दें।

अमेरिका से 500 अरब डॉलर का आयात करेगा भारत

भारत-अमेरिका के संयुक्त बयान में बताया गया है कि भारत अगले पांच वर्षों में अमेरिका से करीब 500 अरब डॉलर का सामान खरीदेगा। इसमें ऊर्जा उत्पाद, विमान और उनके पुर्जे, कीमती धातुएं, टेक्नोलॉजी उत्पाद और कोकिंग कोल शामिल हैं। इसके अलावा डेटा सेंटर में उपयोग होने वाले ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) और अन्य उन्नत तकनीकी उत्पादों के व्यापार को भी बढ़ावा दिया जाएगा। दोनों देशों ने डिजिटल व्यापार के लिए स्पष्ट और पारदर्शी नियम बनाने पर भी सहमति जताई है।

यह अंतरिम व्यापार समझौता भारत-अमेरिका आर्थिक रिश्तों में एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है, जिससे आने वाले वर्षों में दोनों देशों को रणनीतिक और आर्थिक रूप से बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें