भारत और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मोदी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने इस समझौते को देश के करोड़ों किसानों के साथ “घोर विश्वासघात” बताते हुए कहा कि इससे न सिर्फ किसान, बल्कि पूरी भारतीय अर्थव्यवस्था को गंभीर नुकसान होगा।
शनिवार को वाराणसी पहुंचे संजय सिंह ने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि केंद्र सरकार ने अमेरिका के दबाव में आकर भारतीय किसानों के हितों की अनदेखी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत-अमेरिका के संयुक्त बयान में कृषि क्षेत्र को अमेरिकी बाजार के लिए खोलने की बात कही गई है, जिससे भारतीय किसान असमान प्रतिस्पर्धा में फंस जाएंगे।
संजय सिंह ने कहा कि अमेरिका में किसानों को भारी सब्सिडी दी जाती है, जबकि भारत के किसान पहले से ही महंगाई, कर्ज और लागत बढ़ने से जूझ रहे हैं। ऐसे में अगर अमेरिकी सस्ते अनाज, फल और अन्य कृषि उत्पाद भारतीय बाजार में आए, तो देश के किसानों के लिए टिक पाना बेहद मुश्किल हो जाएगा।
उन्होंने कोयला आयात को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। संजय सिंह बोले,
“भारत दुनिया के सबसे बड़े कोयला उत्पादक देशों में शामिल है, फिर भी सरकार अमेरिका से कोयला खरीदने जा रही है। आखिर इस फैसले से किसे फायदा होगा? यह जांच का विषय है।”
आप सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह समझौता अंतरराष्ट्रीय दबाव में किया गया है। उन्होंने दावा किया कि रूस से सस्ता तेल खरीदना लगभग बंद कर दिया गया है और अब भारत महंगे अमेरिकी तेल पर निर्भर होता जा रहा है। इससे आम जनता पर करीब 80 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है।
संजय सिंह ने इस समझौते को केवल किसानों की “नीलामी” ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था के लिए भी खतरनाक बताया। उन्होंने कहा, यह समझौता ‘मेक इन इंडिया’ नहीं, बल्कि ‘सेल इन इंडिया’ की सोच को दर्शाता है। अमेरिकी उत्पादों की बाढ़ से देश के छोटे उद्योग और स्थानीय व्यापारी तबाह हो जाएंगे।”
अपने बयान के अंत में संजय सिंह ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे किसानों के हित में एकजुट हों और इस व्यापार समझौते का विरोध करें। उन्होंने कहा,
“किसान देश की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत और संघर्ष को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सरकार को चाहिए कि वह किसानों की आवाज सुने और उनके हितों की रक्षा करे।”










