कुशीनगर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा 2027 के विधानसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत को लेकर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को 2027 नहीं, बल्कि 2048 के चुनाव की तैयारी करनी चाहिए, क्योंकि 2047 तक जनता के मन में सपा के लिए कोई संभावना नहीं है।
डिप्टी सीएम ने सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को भी फर्जी करार देते हुए कहा कि इसकी धज्जियां उड़ चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की राजनीति हमेशा बांटो और राज करो की रही है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि साल 2017 तक अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, लेकिन उनके शासनकाल में अनुसूचित और पिछड़े वर्ग के लोगों को कुचलने का काम हुआ। उन्होंने सपा सरकार पर जातिवाद, परिवारवाद और गुंडों-माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि 2048 तक यूपी में सपा और केंद्र में कांग्रेस का कोई भविष्य नहीं है।
उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा में नेता विपक्ष सत्ता वियोग में बौखलाए हुए हैं और पीएम की कुर्सी पर अपने परिवार को देखना चाहते हैं।
डबल इंजन सरकार में गरीबों को सशक्त बनाने का प्रयास
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कुशीनगर के तमकुही में बीजेपी नेता जगदीश मिश्रा के विद्यालय के उद्घाटन अवसर पर पहुंचे थे। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार गरीबों को आत्मनिर्भर और अमीर बनाने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार महिला सशक्तिकरण को लेकर गंभीर है और एक वर्ष के भीतर 3 करोड़ दीदियों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही हर जिले के पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ओडीओपी योजना चलाई जा रही है, जिसकी नकल अब कई राज्यों ने की है। सरकार अब एक जनपद-एक व्यंजन के तहत कैंटीन खोलने की भी योजना बना रही है।
मतदाता सूची शुद्धिकरण पर जोर
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इस समय मतदाता सूची के शुद्धिकरण (SIR) का कार्य चल रहा है और सभी को इसमें सहयोग करना चाहिए। उन्होंने अपील की कि 18 वर्ष से ऊपर के सभी नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जरूर जुड़वाया जाए।
उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव नजदीक है और सपा, बसपा व कांग्रेस बीजेपी की बढ़ती ताकत देखकर घबरा गई हैं। कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह सत्ता से दूर होने के कारण विचलित है और प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर रही है।
संसद नहीं चलने देने का आरोप
डिप्टी सीएम ने कहा कि विपक्ष प्रधानमंत्री पर लगातार हमला कर रहा है और संसद की कार्यवाही नहीं चलने दे रहा। उन्होंने कुशीनगर की सभी सीटों पर 2027 में बीजेपी को जिताने का आह्वान किया।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश के दुश्मन नहीं चाहते कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता में रहें। उन्होंने दावा किया कि भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को हासिल करने के लिए बीजेपी का समर्थन जरूरी है, क्योंकि केवल बीजेपी ही देश को विकसित बना सकती है।










