कुआलालंपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मलेशिया दौरे का आज दूसरा दिन रहा। इस दौरान उन्हें मलेशिया के पेरदाना पुत्रा भवन में औपचारिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। स्वागत समारोह के बाद प्रधानमंत्री मोदी और मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के बीच अहम द्विपक्षीय वार्ता हुई।
बैठक के बाद दोनों नेताओं की मौजूदगी में भारत और मलेशिया के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को लेकर 11 समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान किया गया। मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने बताया कि वर्ष 2025 में भारत–मलेशिया द्विपक्षीय व्यापार बढ़कर 18.59 अरब डॉलर तक पहुंच गया है, जो दोनों देशों के मजबूत होते आर्थिक रिश्तों को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बातचीत के दौरान कहा कि भारत और मलेशिया कृषि, मैन्युफैक्चरिंग, स्वच्छ ऊर्जा और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों देश नई तकनीक और निवेश के अवसरों पर मिलकर काम कर रहे हैं। पीएम मोदी आज भारत–मलेशिया के 10वें CEO फोरम में भी शामिल होंगे, जिसमें दोनों देशों के प्रमुख उद्योगपति और कारोबारी भाग लेंगे।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी आठ वर्षों के बाद मलेशिया पहुंचे हैं। इससे पहले वे वर्ष 2018 में मलेशिया की यात्रा पर गए थे।
तमिल भाषा और सिनेमा पर पीएम मोदी का जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत–मलेशिया के सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित करते हुए कहा कि तमिल भाषा दोनों देशों को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि मलेशिया में तमिल भाषा की मजबूत उपस्थिति शिक्षा, मीडिया और सांस्कृतिक जीवन में साफ नजर आती है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज हुए ऑडियो-विजुअल समझौते से फिल्मों और संगीत, विशेषकर तमिल फिल्मों के माध्यम से दोनों देशों के लोगों के बीच भावनात्मक जुड़ाव और गहरा होगा। इससे सांस्कृतिक सहयोग को नई दिशा मिलेगी।
आतंकवाद के खिलाफ सहयोग होगा और मजबूत
सुरक्षा के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया आतंकवाद के खिलाफ सहयोग, खुफिया जानकारी के आदान-प्रदान और समुद्री सुरक्षा को और मजबूत करेंगे। उन्होंने बताया कि रक्षा सहयोग को भी अधिक व्यापक बनाया जाएगा।
इसके साथ ही AI, डिजिटल तकनीक, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने पर भी दोनों देशों में सहमति बनी है।
भारत के नए वाणिज्य दूतावास का मलेशिया ने किया स्वागत
मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक शांति प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यूक्रेन-रूस संघर्ष और मध्य पूर्व, खासकर गाजा के मुद्दे पर भारत की भूमिका प्रशंसनीय रही है।
उन्होंने भारत सरकार द्वारा मलेशिया के साबाह राज्य के कोटा किनाबालू में भारतीय वाणिज्य दूतावास खोलने के फैसले का स्वागत किया और कहा कि इस कदम से दोनों देशों के संबंध और अधिक मजबूत होंगे।










