राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता शरद पवार को स्वास्थ्य खराब होने के चलते पुणे के रूबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें गले में संक्रमण और तेज बुखार की शिकायत थी, जिसके बाद डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, शरद पवार पहले बारामती में थे, जहां उन्होंने प्राथमिक उपचार कराया। हालांकि तबीयत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उन्हें आगे के इलाज के लिए पुणे के रूबी अस्पताल लाया गया। अस्पताल में उनकी बेटी और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले तथा दामाद सदानंद सुले मौजूद हैं और लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए हैं।
बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से शरद पवार लगातार सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे थे। खासतौर पर परिवार में शोक के माहौल और लगातार व्यस्तताओं के चलते उनकी सेहत पर असर पड़ा है। डॉक्टरों की टीम फिलहाल उनकी हालत पर लगातार निगरानी बनाए हुए है और आवश्यक उपचार किया जा रहा है।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल शरद पवार की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है।










