कोडीन कफ सिरप केस : मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल के खिलाफ जारी होगी रेड कॉर्नर नोटिस, पुलिस ने मांगी इंटरपोल और गृह मंत्रालय से अनुमति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। बहुचर्चित कोडीन कफ सिरप कांड के मास्टरमाइंड और मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के खिलाफ जल्द ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा सकता है। पुलिस ने इस संबंध में इंटरपोल और गृह मंत्रालय से अनुमति मांगी है। अनुमति मिलते ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी तलाश तेज कर दी जाएगी।

पहले से जारी है लुक आउट नोटिस और वारंट

शुभम जायसवाल के खिलाफ पहले ही लुक आउट नोटिस और गैर-जमानती वारंट जारी हो चुका है। पुलिस को शक है कि मुकदमा दर्ज होने के तुरंत बाद वह देश छोड़कर दुबई भाग गया।

डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि आरोपी के विदेश में होने की सूचना के बाद इंटरपोल से संपर्क किया गया है। गृह मंत्रालय से अनुमति मिलते ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जाएगा।

रेड कॉर्नर नोटिस के बाद क्या होगा?

रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद दुबई पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर भारत को सौंप सकती है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रत्यर्पण की प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय कानून और कूटनीतिक चैनलों के माध्यम से पूरी की जाएगी।

डीसीपी ने बताया कि यूएई में अंतरराष्ट्रीय संधियां लागू हैं, जिसके तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को भारत लाया जाएगा। पुलिस के पास शुभम के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य हैं और कोर्ट में चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है।

2000 करोड़ की अवैध संपत्ति का आरोप

जांच में खुलासा हुआ है कि शुभम जायसवाल ने कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार से करीब 2000 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की। ड्रग एवं औषधि विभाग, एसआईटी और एसटीएफ की जांच में सामने आया है कि उसका नेटवर्क गाजियाबाद, कानपुर, त्रिपुरा, पूर्वांचल और झारखंड तक फैला हुआ था।

जांच एजेंसियों के अनुसार, कफ सिरप की अवैध सप्लाई बांग्लादेश तक की जा रही थी। कई फर्जी फर्मों के जरिए बिलिंग की जाती थी, जबकि वास्तविक माल की आपूर्ति नहीं होती थी।

अब पूरे मामले में गृह मंत्रालय से अनुमति का इंतजार है। रेड कॉर्नर नोटिस जारी होते ही शुभम जायसवाल की गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तेज हो जाएगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें