उत्तराखंड : CM पुष्कर सिंह धामी ने 257 करोड़ की योजनाओं को दी मंजूरी, सड़क, स्वास्थ्य और कुंभ तैयारियों को मिलेगी रफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के समग्र विकास को गति देते हुए सड़क, शहरी विकास, पेयजल, स्वास्थ्य, खेल और कुंभ तैयारियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए कुल 257 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। सरकार का दावा है कि इन योजनाओं से राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और आम जनता को सीधा लाभ पहुंचेगा।

सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण पर जोर

स्वीकृत राशि का बड़ा हिस्सा सड़क परियोजनाओं पर खर्च किया जाएगा। अल्मोड़ा के जागेश्वर क्षेत्र में मोरनौला-जैती मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 4.26 करोड़, नैनीताल के भीमताल क्षेत्र में एनएच-87 पर कोठगोदाम बाईपास निर्माण के लिए 4.70 करोड़ और पौड़ी में व्यासघाट-सिल्सू मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए 3.86 करोड़ की मंजूरी दी गई है।

देहरादून के मसूरी क्षेत्र में देहरादून-किमाड़ी-लंबीधार-कार्ट मेकेन्जी मार्ग को सिंगल लेन से इंटरमीडिएट लेन में अपग्रेड करने के लिए 14.55 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे पहाड़ी क्षेत्र में यातायात सुगम होगा।

शहरी निकायों और पंचायतों को मिलेगी मजबूती

15वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत वर्ष 2024-25 की दूसरी किस्त के रूप में शहरी निकायों को 58.37 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। हल्द्वानी-काठगोदाम, गौचर, महुवाखेड़ागंज, चमियाला, किच्छा, नंदप्रयाग, नरेंद्रनगर और तपोवन में ‘देवभूमि रजत जयंती पार्क’ के निर्माण के लिए 5.65 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

पंचम राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत जिला पंचायतों को 79.09 करोड़ रुपये दिए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी।

स्वास्थ्य और पेयजल पर विशेष फोकस

प्रदेश में शहरी स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों के लिए 81.57 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पौड़ी जिले के चिनवाड़ी डांडा में 1.53 एमएलडी क्षमता के जल उपचार संयंत्र निर्माण हेतु 3.72 करोड़ की मंजूरी दी गई है, जिससे स्थानीय लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

कुंभ 2027 की तैयारियां

हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए 40 कार्यों पर 90.36 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह राशि बुनियादी ढांचे और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में उपयोग की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें।

युवाओं, दिव्यांगों और जरूरतमंदों को राहत

खेल विभाग के तहत मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के लिए 3.47 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कोटद्वार में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक निर्माण के लिए 79.68 लाख रुपये जारी किए गए हैं।

देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान को दिव्यांग छात्रों की सिविल सेवा परीक्षा की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग के लिए 19.75 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।

इसके अलावा, अल्मोड़ा में प्राकृतिक आपदा प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता और हल्द्वानी निवासी प्रेमलता वर्मा को लोकतंत्र सेनानी सम्मान पेंशन के तहत 20,000 रुपये प्रतिमाह स्वीकृत किए गए हैं।

सरकार का कहना है कि इन फैसलों से राज्य के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और विभिन्न वर्गों को सीधा लाभ पहुंचेगा।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें