अखिलेश यादव का सीएम योगी पर तीखा हमला, बोले- भगवा वस्त्र पहनने और कान छिदाने से कोई योगी नहीं बन जाता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि “जो दूसरे का दुख अपना दुख समझे, वही सच्चा योगी होता है। केवल वस्त्र पहनने और कान छिदाने से कोई योगी नहीं बन सकता।”

जापान दौरे पर कसा तंज

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित जापान और सिंगापुर दौरे पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आज की दुनिया में एआई और नई तकनीक तेजी से विकसित हो रही है और ये तकनीकें आम लोगों की समस्याओं का समाधान दे सकती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “हम उनकी बातों से क्या धोखा खाएं, जैसे उनके वस्त्र देखकर खा गए थे।”

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चार दिन के विदेश दौरे पर सिंगापुर और जापान जाने वाले हैं, जहां वे निवेश और औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कंपनियों से मुलाकात करेंगे।

‘पीडीए आंदोलन बढ़ रहा है’

सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में जैसे-जैसे जनता की पीड़ा बढ़ रही है, वैसे-वैसे पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का आंदोलन भी मजबूत होता जा रहा है। उन्होंने सरकार पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया और कहा कि नई अर्थव्यवस्था की बात कर जनता को गुमराह किया जा रहा है।

‘100 विधायक लाइए और मुख्यमंत्री बन जाइए’

अखिलेश यादव ने एक बार फिर उपमुख्यमंत्रियों को खुला ऑफर देते हुए कहा, “100 विधायक लाइए और मुख्यमंत्री बन जाइए।” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था बढ़ रही है। गोरखपुर की एक घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे की खामियों की वजह से आम जनता को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

सपा प्रमुख के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें