लखनऊ। होली के त्योहार से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के 1.86 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों को मुफ्त गैस सिलिंडर रिफिल देने की घोषणा की है। राजधानी लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 1500 करोड़ रुपये की राशि जारी की।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का बयान
डिप्टी मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि होली आपसी भाईचारे और पुराने मतभेद मिटाने का पर्व है। उन्होंने कहा कि पहले गैस कनेक्शन के लिए लोगों को सिफारिश का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन अब हर जरूरतमंद तक सुविधा पहुंच रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना से करोड़ों परिवारों को धुएं से मुक्ति मिली है। साथ ही उन्होंने कहा कि अब सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता आई है और तीन तलाक जैसी कुप्रथा को खत्म किया गया है।
केशव प्रसाद मौर्य ने गिनाईं उपलब्धियां
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पहले शौचालय के आधार पर गरीबी का अंदाजा लगाया जाता था, लेकिन अब हर घर में शौचालय का निर्माण हो चुका है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना की शुरुआत बलिया से हुई थी और अब देशभर में 10 करोड़ से ज्यादा लोग इसका लाभ ले चुके हैं। महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार समानता और सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 2022 में डबल इंजन सरकार ने इस योजना को आगे बढ़ाया था और लाभार्थी होली से पहले या बाद में अपनी नजदीकी गैस एजेंसी से मुफ्त सिलिंडर रिफिल करा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम कर रही है। आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है और अब शिक्षकों व कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिल रहा है।
महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर
कार्यक्रम में महिलाओं से जुड़ी कई योजनाओं का जिक्र किया गया, जिनमें लखपति दीदी योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, सीमार्ट और महिला उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने की पहल शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर बेटी और महिला के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं थी, लेकिन अब उत्तर प्रदेश निवेश के लिए पसंदीदा राज्य बन रहा है। सरकार प्रदेश को अपना परिवार मानकर विकास कार्य कर रही है।










