CM Yogi ने वाराणसी में की विकास और कानून व्यवस्था की समीक्षा, अफसरों को सख्त निर्देश- श्रद्धालुओं के साथ हो शालीन व्यवहार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के पहले दिन सर्किट हाउस सभागार में विकास परियोजनाओं और कानून व्यवस्था की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्य तय समय सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

श्रद्धालुओं के साथ अच्छा व्यवहार हो

मुख्यमंत्री ने धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मंदिर और पुलिस प्रशासन दर्शनार्थियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करें।
श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में बनी दुकानों तक श्रद्धालुओं की सुगम पहुंच हो और वहां बिकने वाली वस्तुओं के दाम वाजिब रखे जाएं। उन्होंने दो टूक कहा कि धार्मिक संस्थाएं कमाई का माध्यम नहीं, बल्कि आस्था का केंद्र हैं।

निर्माण कार्यों में तेजी और धरोहरों का संरक्षण

गोदौलिया में निर्माणाधीन रोप-वे स्टेशन के कार्य में तेजी लाने और यात्रियों के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर चल रहे निर्माण कार्यों में मैनपावर बढ़ाने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि घाटों और मंदिरों के पास होने वाले निर्माण के दौरान किसी भी ऐतिहासिक धरोहर को नुकसान न पहुंचे। हर हाल में विरासत का संरक्षण किया जाए।

बुनियादी सुविधाओं पर फोकस

अमृत-2 योजना के तहत सीवरेज और पेयजल परियोजनाओं को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता पर हो और विद्युत तारों की अंडरग्राउंड केबलिंग मानक के अनुरूप की जाए।

नगर की स्वच्छता को और प्रभावी बनाने के लिए मशीनों के उपयोग पर बल दिया गया। साथ ही शहर में वेंडिंग ज़ोन, कान्हा उपवन और स्ट्रीट डॉग सेंटर विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। दालमंडी सड़क चौड़ीकरण कार्य को उचित मुआवजा देकर शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया।

कानून व्यवस्था पर सख्ती

कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक गतिविधियां केवल संबंधित स्थल परिसर में ही हों, नई परंपराओं की अनुमति नहीं दी जाएगी। सड़कों पर अतिक्रमण, तेज आवाज वाले साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए।

अवैध और जहरीली शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने, अवैध परिवहन पर नजर रखने और कोडिन कफ सिरप के अवैध कारोबार में शामिल असली दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर पुलिस कर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी जिमों की जांच कर यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि महिलाओं के लिए महिला ट्रेनर उपलब्ध हों।

होली और आगामी पर्वों को लेकर अलर्ट

मुख्यमंत्री ने होली और अन्य आगामी त्योहारों को देखते हुए चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सड़क सुरक्षा को लेकर नियमित बैठकें और जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

17 हजार करोड़ की परियोजनाएं प्रगति पर

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में लगभग 17 हजार करोड़ रुपये की लागत से 74 परियोजनाएं संचालित हैं, जिनकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। बैठक में अधिकारियों ने कानून व्यवस्था, साइबर अपराध और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर प्रस्तुतीकरण भी दिया।

बैठक में जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें