लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराईं दो रोडवेज बसें, 3 की मौत, 31 घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिरधरपुर और देवखरी गांव के पास खड़े ट्रक से मथुरा और आगरा डिपो की दो रोडवेज बसें अलग-अलग समय पर टकरा गईं। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए।

आधी रात को हुआ पहला हादसा

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे किलोमीटर संख्या 226 पर सिरधरपुर गांव के सामने एक ट्रक सड़क घेरकर खड़ा था। इसी दौरान आगरा फोर्ट जा रही एक रोडवेज बस पीछे से ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार 14 यात्री घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पांच एंबुलेंस की मदद से घायलों को बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। साथ ही हाइड्रा मशीन बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

ट्रक हटाते समय हुआ दूसरा हादसा

करीब ढाई बजे जब पुलिस ट्रक को हटाकर प्रीतमपुरा चौकी की ओर ले जा रही थी, तभी आगरा फोर्ट जा रही दूसरी रोडवेज बस भी उसी ट्रक से पीछे से टकरा गई। इस दूसरी टक्कर में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए।

घायलों को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मृतकों की पहचान जारी

मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। शवों को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

झपकी बनी हादसे की वजह?

कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय के अनुसार, ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। प्रारंभिक जांच में दोनों हादसों की वजह बस चालकों को झपकी आना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

इस भीषण हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा और वाहनों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें