तेहरान। ईरान से बड़ी खबर सामने आई है। देश के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की पत्नी मंसूरेह खोजस्तेह बाघेरजादेह का निधन हो गया है। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, हाल ही में अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हवाई हमलों में वे गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। सोमवार को लंबे इलाज के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
28 फरवरी को हुए थे बड़े हवाई हमले
रिपोर्ट्स के अनुसार, 28 फरवरी को तेहरान समेत कई प्रमुख ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए गए थे। इन हमलों में अयातुल्ला खामेनेई की मौत की भी पुष्टि ईरानी अधिकारियों ने की है। बताया जा रहा है कि हमलों में उनके परिवार के कई सदस्य भी मारे गए, हालांकि अन्य परिजनों की मौत को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
खामेनेई 1989 से ईरान के सर्वोच्च धार्मिक और राजनीतिक नेता थे। उनकी मौत के बाद देशभर में शोक और आक्रोश का माहौल है।
40 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित
खामेनेई के निधन के बाद ईरान सरकार ने 40 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। इस दौरान सार्वजनिक कार्यक्रमों और उत्सवों पर रोक लगा दी गई है। सरकारी इमारतों पर झंडे झुका दिए गए हैं और देशभर में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की जा रही हैं।
निजी जीवन में रहीं सक्रिय, सार्वजनिक मंचों से दूरी
मंसूरेह खोजस्तेह ने वर्ष 1964 में खामेनेई से विवाह किया था। उनके छह बच्चे हैं। वे हमेशा सार्वजनिक जीवन से दूर रहीं और निजी जीवन को प्राथमिकता दी। सरकारी कार्यक्रमों में उनकी उपस्थिति बेहद कम देखने को मिलती थी।
मध्य पूर्व में बढ़ा तनाव
इन हमलों को मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव की एक अहम कड़ी माना जा रहा है, जहां लंबे समय से ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। ईरान ने इन हमलों को खुली आक्रामकता बताते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
इस घटनाक्रम के बाद ईरान की राजनीतिक स्थिति और जटिल हो गई है। नेतृत्व के उत्तराधिकार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी हालात पर करीबी नजर बनाए हुए है।










