शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर केस करने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर ट्रेन में हमला, धारदार हथियार नाक काटने की कोशिश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर ट्रेन में जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना रीवा एक्सप्रेस से प्रयागराज जाते समय फतेहपुर और कौशांबी जिले के सिराथू रेलवे स्टेशन के बीच हुई।

धारदार हथियार से किया गया हमला

जानकारी के अनुसार, आशुतोष ब्रह्मचारी पर कुछ अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के दौरान उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन के टॉयलेट में खुद को बंद कर लिया। इस हमले में उन्हें शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।

घायल अवस्था में ही वह ट्रेन से प्रयागराज पहुंचे। बताया जा रहा है कि उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

हमलावर नाक काटने की कर रहा था कोशिश

मीडिया से फोन पर बातचीत में आशुतोष ब्रह्मचारी ने बताया कि हमलावर उनकी नाक काटने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने इस हमले के पीछे साजिश होने की आशंका जताते हुए शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर संदेह व्यक्त किया है।

जीआरपी में शिकायत की तैयारी

आशुतोष ब्रह्मचारी ने बताया कि वह मेडिकल जांच के लिए अस्पताल जा रहे हैं और इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने के लिए प्रयागराज जीआरपी को शिकायत दी है। उन्होंने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सहित कुछ अन्य लोगों को इस हमले की साजिश में शामिल होने का आरोपी बताया है।

पहले लगाया था यौन उत्पीड़न का आरोप

गौरतलब है कि आशुतोष ब्रह्मचारी ने इससे पहले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे और इस संबंध में मामला दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि बाढ़ प्रभावित इलाकों से युवा बटुकों को लाकर आश्रमों में उनके साथ गलत व्यवहार किया गया।

प्रयागराज में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भी आशुतोष ब्रह्मचारी ने शंकराचार्य पर कई गंभीर आरोप लगाए थे और कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने रखे थे।

फिलहाल इस हमले की घटना के बाद मामला और तूल पकड़ सकता है और पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ पाएगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें