वाराणसी। काशी के तुलसी घाट पर रविवार सुबह गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गोरखपुर से परिवार के साथ घूमने आए दो युवक गंगा में डूब गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम ने राहत-बचाव अभियान चलाया। करीब आधे घंटे की तलाश के बाद 18 वर्षीय निखिल को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं 12 वर्षीय आयुष की तलाश अभी भी जारी है। घटना के बाद घाट पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए
जानकारी के मुताबिक गोरखपुर से करीब 15 लोगों का एक परिवार वाराणसी घूमने और गंगा स्नान के लिए आया था। रविवार सुबह लगभग 7 बजे सभी लोग तुलसी घाट पर गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान 18 वर्षीय निखिल और 12 वर्षीय आयुष नहाते-नहाते गहरे पानी की ओर चले गए। देखते ही देखते दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे।
लोगों ने दी थी चेतावनी
घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों को पहले ही आगे जाने से मना किया गया था क्योंकि वहां पानी काफी गहरा है। बताया जाता है कि युवक ने कहा कि उसे तैरना आता है और वह आगे बढ़ गया। उसके साथ मौजूद छोटा बालक भी उसके पीछे चला गया। कुछ ही देर बाद दोनों गहरे पानी में डूबने लगे। आसपास के लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक वे पानी में समा चुके थे।
एनडीआरएफ और जल पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद एनडीआरएफ की टीम ने 18 वर्षीय निखिल को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
आयुष की तलाश जारी
वहीं 12 वर्षीय आयुष की तलाश के लिए एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम लगातार गंगा में सर्च ऑपरेशन चला रही है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घाट पर मातम का माहौल बना हुआ है।










