वाराणसी। जिले में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर फैली आशंकाओं के बीच जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने स्पष्ट किया है कि वाराणसी में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों का वितरण पूरी तरह नियमानुसार किया जा रहा है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
शनिवार को जिलाधिकारी ने टकटकपुर स्थित इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम के एलपीजी गैस सिलेंडर गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोदाम संचालकों और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गैस सिलेंडरों का वितरण पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से किया जाए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि गैस की कालाबाजारी या स्टॉक होल्डिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि इस तरह की शिकायत सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया कि गैस गोदामों पर नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके और किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने पाए।
डीएम ने कहा कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर सुगमता से उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।










