Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में BJP ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, रूपा गांगुली को यहां से मिला टिकट कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी दूसरी सूची जारी करते हुए 111 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। इस सूची में कई नए चेहरों के साथ-साथ कुछ बड़े नाम भी शामिल किए गए हैं।
पार्टी ने इस बार बिष्णुपुर (SC) सीट पर उम्मीदवार में बदलाव करते हुए पहले घोषित नाम को बदलकर विस्वजीत खान को टिकट दिया है। वहीं चर्चित अभिनेत्री Roopa Ganguly को सोनारपुर साउथ से मैदान में उतारा गया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री को मिला टिकट
BJP ने पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री Nisith Pramanik को माथाभांगा (SC) सीट से उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा कई अन्य सीटों पर भी पार्टी ने अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं, जिनमें मेक्लिगंज, मदारीहाट, धुपगुड़ी, मयनागुड़ी, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जैसी महत्वपूर्ण सीटें शामिल हैं।
शुभेंदु अधिकारी के भाई को भी मौका
पार्टी ने एगरा सीट से Dibyendu Adhikari को टिकट दिया है, जो नेता प्रतिपक्ष Suvendu Adhikari के भाई हैं।
वहीं, संदेशखाली सीट से सनत सरदार को उम्मीदवार बनाया गया है। इस सीट को लेकर पहले से ही काफी चर्चा रही है। संदेशखाली आंदोलन से उभरी नेता रेखा पात्रा को हिंगलगंज से टिकट दिया गया है।
ममता बनर्जी बनाम शुभेंदु अधिकारी की टक्कर
अब तक BJP 255 सीटों (पहली सूची में 144 और दूसरी में 111) पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है, जबकि 39 सीटों पर अभी नामों का ऐलान बाकी है।
राज्य की राजनीति में इस बार मुख्य मुकाबला Mamata Banerjee और Suvendu Adhikari के बीच माना जा रहा है। BJP ने नंदीग्राम और भवानीपुर सीट से शुभेंदु अधिकारी को मैदान में उतारा है, जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ेंगी।










