फतेहपुर। अखिलेश यादव के हालिया दौरे के बाद जिले के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र में एक चाय दुकानदार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। दुकानदार का कहना है कि 20 फरवरी को जब अखिलेश यादव खागा तहसील के चौकी चौराहे पर उसकी कुल्हड़ चाय की दुकान पर रुके और चाय पी, तभी से उसे लगातार परेशान किया जा रहा है।
दुकानदार के अनुसार, दो दिन पहले फूड विभाग की टीम ने उसकी दुकान पर छापेमारी की और चाय का सैंपल लेकर कार्रवाई की। उसने इस पूरी कार्रवाई को उत्पीड़न करार दिया है। वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह एक रूटीन चेकिंग थी।
पीड़ित दुकानदार ने आरोप लगाया कि कुछ अराजक तत्व उसकी दुकान पर आकर गाली-गलौज और मारपीट कर रहे हैं। उसका कहना है कि स्थानीय विपक्षी नेताओं को अखिलेश यादव का उसकी दुकान पर रुकना पसंद नहीं आया, जिसके चलते उनके समर्थकों द्वारा उसे निशाना बनाया जा रहा है।
दुकानदार के बेटे आर्यन यादव ने बताया कि उनकी दुकान करीब 50 साल पुरानी है और इससे पहले कभी इस तरह की कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जिस दिन अखिलेश यादव और पूर्व विधायक मोहम्मद सफीर यहां चाय पीने रुके, उसी दिन से घटनाएं शुरू हो गईं। आए दिन अधिकारी पहुंचकर बेवजह पूछताछ करते हैं, जिससे उनका कामकाज प्रभावित हो रहा है।
दुकानदार ने यह भी बताया कि हाल ही में कुछ युवकों ने दुकान पर आकर अभद्रता की और मारपीट की। इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज कर लिया है।
अपनी परेशानी को लेकर दुकानदार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए दुकान बंद करने और परिवार के साथ पलायन करने की चेतावनी दी है। उसका कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों और कार्रवाई के चलते अब यहां रहना मुश्किल हो गया है।
हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल कोई आधिकारिक बयान देने से इनकार किया है, लेकिन शिकायत के आधार पर मारपीट के आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।








