केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, DA में 2 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में 2 फीसदी की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय कैबिनेट के इस फैसले के बाद कर्मचारियों का कुल महंगाई भत्ता 58% से बढ़कर 60% हो गया है।

इस निर्णय का सीधा लाभ करीब 50 लाख सरकारी कर्मचारियों और 65 लाख से अधिक पेंशनभोगियों को मिलेगा। बढ़े हुए डीए के साथ उनकी मासिक सैलरी और पेंशन में भी इजाफा होगा, जिससे बढ़ती महंगाई के बीच आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

अगर उदाहरण के तौर पर देखें, तो किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 36,500 रुपये है, तो 60% डीए के हिसाब से उसे अब 21,900 रुपये महंगाई भत्ता मिलेगा। इससे उसकी कुल आय में अच्छा खासा इजाफा होगा।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि नया डीए 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा। ऐसे में कर्मचारियों को न केवल बढ़ी हुई सैलरी मिलेगी, बल्कि जनवरी, फरवरी और मार्च का एरियर भी एकमुश्त दिया जाएगा।

लंबे समय से कर्मचारी इस बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे थे, खासकर ऐसे समय में जब महंगाई लगातार बढ़ रही है। कर्मचारी संगठनों की ओर से 8वें वेतन आयोग के तहत वेतन संरचना में बदलाव की मांग भी उठाई जा रही है।

दरअसल, महंगाई भत्ता कर्मचारियों के बढ़ते खर्चों की भरपाई के लिए दिया जाता है। इसकी गणना श्रम मंत्रालय द्वारा जारी CPI-IW (उपभोक्ता मूल्य सूचकांक) के आधार पर की जाती है। सरकार आमतौर पर साल में दो बार जनवरी और जुलाई में इसमें संशोधन करती है, ताकि महंगाई के असर को संतुलित किया जा सके।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें