हर शिक्षक को मतदाता बानाने और कैशलेस इलाज का लक्ष्य, वाराणसी में शिक्षक महासभा का बड़ा ऐलान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी : माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा ने बुधवार को वाराणसी में शिक्षकों की दशा और दिशा बदलने का संकल्प लिया। शहर में आयोजित शिक्षक संवाद कार्यक्रम के दौरान संगठन की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई और सभी ब्लॉक व तहसील स्तर पर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष ऋतिका दुबे ने नई टीम को शपथ दिलाई और मनोनयन पत्र वितरित किए। खास बात यह रही कि संगठन में पहली बार महिला इकाई को नया स्वरूप दिया गया। इसके साथ ही प्रधानाचार्य परिषद और प्रबंधक परिषद की सूची भी जारी की गई।

हर शिक्षक को मतदाता बनाने का लक्ष्य

शिक्षक संवाद कार्यक्रम में एक अहम लक्ष्य तय किया गया—वाराणसी परिक्षेत्र के हर शिक्षक को मतदाता बनाना। इसके लिए संगठन ने अगले छह महीनों में हर स्कूल, शिक्षक और प्रधानाचार्य तक पहुंचने का रोडमैप तैयार किया है।

ऋतिका दुबे ने कहा कि वाराणसी और मिर्जापुर मंडल में वित्तविहीन शिक्षकों की स्थिति चिंताजनक है और अब इसे बदलने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ होते हैं और देश के भविष्य का निर्माण करते हैं, लेकिन उनके सामने आज भी कई बुनियादी समस्याएं हैं।

समान वेतन और मानदेय की मांग

महासभा ने “समान कार्य के लिए समान वेतन” की मांग को प्रमुखता से उठाया। संगठन ने वित्तविहीन शिक्षकों के लिए नामावली, सरकारी मान्यता, नियमित मानदेय और कैशलेस इलाज जैसी सुविधाएं देने का प्रस्ताव तैयार करने की बात कही।

ऋतिका दुबे ने कहा कि इन मांगों को पूरा कराने के लिए संगठन सड़क से लेकर संसद तक आवाज उठाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षकों के समर्थन से चुने गए जनप्रतिनिधियों ने बाद में उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया।

पदाधिकारियों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पटका पहनाकर और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्हें संगठन के उद्देश्यों और आगामी रणनीति से भी अवगत कराया गया।

इस मौके पर प्रधानाचार्य महासभा के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश दुबे, महासभा के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार मिश्रा, जिला संगठन मंत्री असीम चौबे, कौशलेंद्र सिंह, जटाशंकर दुबे, कमलेश यादव, राम सिंह, मंडल संरक्षक ममता तिवारी, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष सुषमा श्रीवास्तव समेत कई शिक्षक व पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जेपी दुबे ने की, जबकि संचालन सुभाष चंद्र यादव ने किया। विद्यालय के प्रबंधक कौशलेन्द्र सिंह की भी कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें