वाराणसी : बड़ागांव में पाइप गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का माल जलकर राख

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र स्थित अनई बाजार में बुधवार दोपहर जल निगम की पाइपों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उससे उठता काले धुएं का गुबार करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई देता रहा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि तुलसी दास इंटर कॉलेज के खेल मैदान के पास खाली जमीन पर जल जीवन मिशन योजना के तहत इस्तेमाल होने वाली जल निगम की रिलायंस ब्रांड की काली पाइपें लंबे समय से रखी गई थीं। दोपहर करीब 1 बजे अचानक पाइपों में आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान फायर कर्मियों और ग्रामीणों ने मिलकर कुछ पाइपों को अलग हटाया, जिससे कुछ सामान को बचाया जा सका।

हालांकि आग की तीव्रता अधिक होने और पानी कम पड़ने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग में लाखों रुपये की पाइपें जलकर राख हो गईं।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें