उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। शनिवार को पूर्वांचल के 17 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इन इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं पश्चिमी यूपी समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में सुबह से मौसम साफ बना हुआ है और तेज धूप निकल रही है। हालांकि ठंडी हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से कुछ राहत महसूस हो रही है।
मौसम विभाग का कहना है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ने लगा है और शनिवार के बाद इसका असर पूरी तरह खत्म हो जाएगा। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है। अनुमान है कि प्रदेश का पारा 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है और कई जिलों में तापमान फिर 45 डिग्री के पार पहुंच सकता है। इससे लोगों को एक बार फिर भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि फिलहाल लू चलने की संभावना कम बताई जा रही है।
पिछले 24 घंटों के दौरान आगरा, जालौन, ललितपुर और मऊ में तेज हवा के साथ बारिश दर्ज की गई। मऊ में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई। वहीं ललितपुर में अचानक बदले मौसम ने शादी समारोहों की व्यवस्थाओं को प्रभावित कर दिया। दूसरी ओर लखनऊ, कानपुर, नोएडा और गाजियाबाद समेत अधिकांश शहरों में मौसम साफ बना रहा।
वाराणसी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में मौसम खराब होने की वजह से लखनऊ आने-जाने वाली चार फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं। वहीं पटना में खराब मौसम के कारण कोलकाता से आई इंडिगो की एक फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। विमान पटना एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सका और काफी देर तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद उसे लखनऊ में सुरक्षित उतारा गया।










