उत्तर प्रदेश की मछलीशहर सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद Priya Saroj की कथित AI जनरेटेड और मॉर्फ्ड तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। इन तस्वीरों के साथ आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने पर सांसद ने भाजपा नेता समेत दो लोगों के खिलाफ साइबर थाने में FIR दर्ज कराई है।
सपा सांसद ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने जौनपुर बीजेपी आईटी सेल से जुड़े बताए जा रहे आमोद सिंह और अधिवक्ता विशाल सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों ने सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक सामग्री साझा कर उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
“फर्जी तस्वीरों से माहौल बनाने की कोशिश”
प्रिया सरोज ने अपनी शिकायत में सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे हैं। उन्होंने कहा कि AI तकनीक का इस्तेमाल कर नकली तस्वीरें बनाई गईं और उन्हें जानबूझकर वायरल किया गया।
सांसद ने कहा, “नकली तस्वीरें और झूठे प्रचार के जरिए मुझे बदनाम करने की कोशिश की गई। यह राजनीति नहीं बल्कि डर और घबराहट को दिखाता है। महिलाओं के खिलाफ AI आधारित साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और यह उसी का एक उदाहरण है।”
सख्त कार्रवाई की मांग
प्रिया सरोज ने कहा कि AI जनरेटेड तस्वीरें बनाना और उन्हें गलत दावों के साथ सोशल मीडिया पर फैलाना गंभीर अपराध है। उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि आरोपी आमोद सिंह खुद को जौनपुर बीजेपी का जिला मीडिया प्रभारी बताते हैं। हालांकि, इस मामले में उनकी ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से चर्चा में है। कई लोग सांसद के समर्थन में सामने आए हैं और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता जता रहे हैं।










