सपा का PDA ऑडिट जारी, बोले अखिलेश- सरकार बनी तो 90 दिन में होगी जातीय जनगणना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Akhilesh Yadav ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनावी माहौल के बीच भारतीय जनता पार्टी सरकार के खिलाफ बड़ा हमला बोला है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ‘संविधान बचाओ-आरक्षण बचाओ’ अभियान के तहत ‘PDA ऑडिट अंक-1’ जारी किया। इसके साथ ही लाल रंग की ‘पीडीए आरक्षण घोटाला पुस्तक’ भी लॉन्च की गई।

लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने बड़ा चुनावी वादा करते हुए कहा कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो पहले 90 दिनों के भीतर जातीय जनगणना कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती के प्रभावित अभ्यर्थियों को उनका पूरा अधिकार दिलाया जाएगा।

22 भर्तियों में आरक्षण नियम तोड़ने का आरोप

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में 22 सरकारी भर्तियों में आरक्षण नियमों का उल्लंघन हुआ है। उनके मुताबिक पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के कुल 11,514 पदों पर “आरक्षण की लूट” हुई।

उन्होंने विशेष रूप से 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस भर्ती में ओबीसी वर्ग का 23.14 प्रतिशत और एससी वर्ग का 4.8 प्रतिशत आरक्षण प्रभावित हुआ, जिससे करीब 7,933 पदों का नुकसान हुआ।

अखिलेश यादव ने कहा कि आरक्षण कोई खैरात नहीं बल्कि संविधान से मिला अधिकार है। उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि अगर सपा के आंकड़े गलत हैं तो सरकार सही आंकड़े सार्वजनिक करे।

‘लेटरल एंट्री’ पर भी साधा निशाना

सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार से दूर रखा जा रहा है और बजट का सही इस्तेमाल नहीं हो रहा।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाओं में बिना परीक्षा के ‘लेटरल एंट्री’ के जरिए पसंदीदा लोगों को नियुक्त किया जा रहा है। उनके मुताबिक जब युवाओं को न्याय पाने के लिए सड़क और अदालत दोनों का सहारा लेना पड़े, तो यह सरकार की नीतियों पर बड़ा सवाल है।

हर गांव तक पहुंचेगी ‘लाल किताब’

आगामी चुनावों को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी संगठनात्मक रणनीति भी साफ कर दी है। अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से हर बूथ पर कम से कम पांच नए वोट जोड़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पार्टी एक सप्ताह के भीतर ‘आरक्षण घोटाला पुस्तक’ को उत्तर प्रदेश के हर गांव और घर तक पहुंचाएगी, ताकि भाजपा सरकार की नीतियों को जनता के सामने लाया जा सके। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि ‘PDA ऑडिट’ का दूसरा अंक भी जल्द जारी किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में दिखा हल्का अंदाज

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस के आखिर में अखिलेश यादव अपने पुराने हल्के-फुल्के अंदाज में भी नजर आए। भाजपा पर मुद्दों को भटकाने का आरोप लगाने के बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अब वे मीडिया की किसी बात को दिल पर नहीं लेंगे और न ही किसी टिप्पणी से उन्हें ठेस पहुंचेगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें