पश्चिम बंगाल की Suvendu Adhikari सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए राज्य के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त मदरसों में ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य कर दिया है। अब हर मदरसे में कक्षाएं शुरू होने से पहले प्रार्थना सभा के दौरान राष्ट्रगीत गाया जाएगा।
राज्य के अल्पसंख्यक मामलों और मदरसा शिक्षा मंत्री Khudiram Tudu ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए कहा कि जब राज्य के अन्य सरकारी स्कूलों और संथाली भाषा के स्कूलों में भी ‘वंदे मातरम्’ अनिवार्य है, तो मान्यता प्राप्त मदरसों में इसे लागू करने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
मदरसा शिक्षा निदेशालय ने जारी किया आदेश
पश्चिम बंगाल मदरसा शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि पुराने सभी नियमों और प्रथाओं को समाप्त करते हुए यह नया नियम तत्काल प्रभाव से लागू किया जा रहा है।
इस आदेश के दायरे में सरकारी मॉडल मदरसे, सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त मदरसे, मदरसा शिक्षा केंद्र, शिशु शिक्षा केंद्र और गैर-सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त मदरसे भी शामिल होंगे।
पहले स्कूलों में किया गया था अनिवार्य
इससे पहले राज्य सरकार ने सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में भी सुबह की प्रार्थना सभा में ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य किया था। शिक्षा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया था कि सभी छात्रों को कक्षाएं शुरू होने से पहले राष्ट्रगीत गाना होगा और स्कूल प्रमुखों को इसका पालन सुनिश्चित करना होगा।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस अधिसूचना को साझा करते हुए इसे राज्य में राष्ट्रभावना और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने वाला कदम बताया था।










