दो दिवसीय दौरे पर आज काशी आएंगे CM योगी, विकास कार्यों की समीक्षा के साथ करेंगे बाबा विश्वनाथ के दर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंच रहे हैं। अपने प्रवास के दौरान वह शहर में चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे, विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन भी करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम करीब चार बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंचेंगे। इसके बाद वह सर्किट हाउस जाएंगे, जहां लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा संचालित निर्माण कार्यों और प्रस्तावित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करेंगे।

शाम करीब सात बजे मुख्यमंत्री चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल पहुंचेंगे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे और बृहद चिकित्सा शिविर का शुभारंभ भी करेंगे। इस अवसर पर वह जनसभा को संबोधित कर केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालेंगे।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्री कालभैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। दर्शन-पूजन के बाद वह रात्रि विश्राम के लिए सर्किट हाउस लौट जाएंगे।

दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री सुबह काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) पहुंचेंगे। यहां वह निर्माणाधीन नेशनल सेंटर ऑफ एजिंग परियोजना का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे। इसके अलावा वह विज्ञान भारती द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रमों के समापन के बाद मुख्यमंत्री बीएचयू परिसर से हेलीकॉप्टर के जरिए आजमगढ़ के लिए रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें