बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में गुरुवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पुलिस महकमे को गहरे सदमे में डाल दिया। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के एनएच-31 स्थित बखड्डा ढाला के समीप एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार तीन थानाध्यक्ष समेत चार लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले में पदस्थापित तीनों थानाध्यक्ष पटना में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार बखड्डा ढाला के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे में तीन पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे शवों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया गया।
मृतकों की पहचान रतवारा थानाध्यक्ष साजन कुमार पासवान, बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार, अरार थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र अमरेंद्र तथा निजी चालक ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है। साजन कुमार पासवान कैमूर जिले के निवासी थे, जबकि ज्ञानेंद्र अमरेंद्र कटिहार और नीरज कुमार रोहतास जिले के रहने वाले थे। चालक ज्योतिष कुमार मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज क्षेत्र का निवासी था।
घटना के बाद बिहार पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। गौरतलब है कि एनएच-31 का यह हिस्सा पहले भी कई सड़क हादसों का गवाह बन चुका है। सड़क किनारे भारी वाहनों के खड़े रहने और सुरक्षा उपायों की कमी को लेकर स्थानीय लोग लगातार सवाल उठाते रहे हैं।









