अखिलेश यादव की बेटी अदिति पर फर्जी पोस्ट करने वालों पर कार्रवाई, कानपुर-प्रतापगढ़ में 4 लोगों पर FIR

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अखिलेश यादव की बड़ी बेटी अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। मामले में गुरुवार को कानपुर और प्रतापगढ़ में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि सोशल मीडिया पर अदिति यादव के खिलाफ अभद्र और भ्रामक पोस्ट साझा कर उनकी तथा उनके परिवार की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।

कानपुर साइबर थाने में भरत पटेल, नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि प्रतापगढ़ में ‘शीतला सुजान कवि’ नाम की सोशल मीडिया आईडी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

मामले को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि “अदिति मेरी भी बेटी है। उन पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी बेहद शर्मनाक है और हम इसकी निंदा करते हैं।” हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी को भी अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के व्यवहार पर आत्ममंथन करने की जरूरत है।

वहीं भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि किसी भी बेटी के सम्मान को राजनीति से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी महिला के खिलाफ अपमानजनक बातें फैलाना दुर्भाग्यपूर्ण है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

इस बीच अदिति यादव के दिल्ली विश्वविद्यालय के एक सहपाठी आदर्श यादव ने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर वायरल दावों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि अदिति यादव लंदन में नहीं बल्कि दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रही हैं और उनके बारे में फैलाए जा रहे दावे पूरी तरह भ्रामक हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

कानपुर में समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण यादव की शिकायत पर दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि भरत कुमार पटेल नामक सोशल मीडिया अकाउंट से अदिति यादव के बारे में झूठी और आपत्तिजनक जानकारी साझा की गई। पोस्ट में दावा किया गया था कि वह लंदन में पढ़ाई कर रही हैं और लापता हैं। साथ ही एक कथित रूप से एडिट की गई तस्वीर भी साझा की गई, जिसे शिकायतकर्ता ने फर्जी बताया है।

शिकायत में कहा गया है कि इस तरह की पोस्ट न केवल एक युवती के चरित्रहनन का प्रयास है, बल्कि इससे अखिलेश यादव और उनके परिवार की सामाजिक छवि को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें