काशी में सीएम योगी ने बांटे स्वीकृति पत्र, कहा- मोदी सरकार की योजनाओं ने बदली करोड़ों लोगों की जिंदगी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को वाराणसी के चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजित जनकल्याण शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं सहायता राशि वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशीवासियों ने 12 वर्ष पूर्व नरेंद्र मोदी को अपना सांसद चुनकर देश को एक दूरदर्शी नेतृत्व दिया था। आज भारत दुनिया में नई पहचान बना रहा है और इसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को जाता है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर दुनिया के कई देश आर्थिक और ऊर्जा संकट से जूझ रहे हैं, वहीं भारत अपने नागरिकों के हितों की रक्षा करते हुए मजबूती से खड़ा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अमेरिका जैसे शक्तिशाली देश में भी महंगाई कई गुना बढ़ी है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी नीतियों के कारण भारत ने वैश्विक ऊर्जा संकट का सफलतापूर्वक सामना किया है। उन्होंने कहा कि आज भी देश के 80 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत निशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में भ्रष्टाचार, अविश्वास और सुरक्षा संबंधी चुनौतियां गंभीर थीं, लेकिन पिछले 12 वर्षों में स्थिति पूरी तरह बदली है। जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने गरीबों, महिलाओं और युवाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।

उन्होंने कहा कि पहले सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंच पाता था, लेकिन आज डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में सीधे सहायता राशि भेजी जा रही है। इससे पारदर्शिता बढ़ी है और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगा है।

काशी के विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शहर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। आधुनिक रेलवे स्टेशन, वंदे भारत और नमो भारत जैसी ट्रेनें तथा विश्वस्तरीय सुविधाएं नए भारत की तस्वीर पेश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि काशी के घाटों का सौंदर्यीकरण और विभिन्न विकास परियोजनाएं शहर को वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित कर रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को चेक, क्रेडिट कार्ड, सिलाई मशीन और प्रमाण पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री के हाथों लाभ प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री कालभैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ धाम में विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें