मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में उत्तर प्रदेश के चार लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में मोबाइल ब्लास्ट की अफवाह फैलने के बाद घबराए यात्री ट्रेन से उतरकर ट्रैक पर आ गए। इसी दौरान दूसरी लाइन से गुजर रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मेरठ निवासी कंचन सिंह (25), रुनकता निवासी शकुंतला सिंह (60), आगरा निवासी आफरीन (35) और उनके चार वर्षीय बेटे असद के रूप में हुई है। आफरीन और असद मां-बेटे थे। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड पर रविवार सुबह करीब 4:15 बजे अलार्म चेन पुलिंग के कारण बीच रास्ते में रुक गई थी। इसी दौरान एक कोच में मोबाइल ब्लास्ट होने की अफवाह फैल गई, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।
घबराए कई यात्री ट्रेन से उतरकर ट्रैक की ओर भागने लगे। कुछ यात्री पास की अप लाइन पर पहुंच गए। तभी वहां से तेज रफ्तार में गुजर रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस उनकी चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बागेश्वर धाम से लौट रहे श्रद्धालु भी ट्रेन में सवार थे। यात्री पूजा ने बताया कि मोबाइल ब्लास्ट की खबर फैलते ही कोच में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन रुकते ही लोग बिना स्थिति समझे नीचे उतरने लगे और ट्रैक की ओर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया तथा मामले की जांच की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और आपात स्थिति में केवल रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।









