वाराणसी : बेनियाबाग में चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग की गोलियों से भूनकर हत्या, दो दिन पहले भी हुआ था हमला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र के बेनियाबाग स्थित हरिजन बस्ती में सोमवार तड़के हुई हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

मृतक की पहचान राजन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह भोर के समय घर के बाहर सो रहे थे, तभी हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया। गोली लगने के बाद परिजन उन्हें तत्काल मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

परिजनों के अनुसार, राजन अपने छोटे बेटे की 20 जून को होने वाली सगाई में शामिल होने के लिए बेनियाबाग आए थे। उनकी पहली पत्नी मिर्जापुर के नारायणपुर क्षेत्र में रहती हैं, जबकि दूसरी पत्नी बेनियाबाग की हरिजन बस्ती में रहती है।

मृतक के बेटे राजू ने बताया कि दो दिन पहले भी बुलेट मोटरसाइकिल से आए दो अज्ञात युवकों ने उनके पिता पर हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन शोर मचने पर वे भाग निकले थे। इस बार हमलावरों ने सोते समय राजन को निशाना बनाया। परिजनों का दावा है कि बदमाशों ने पांच गोलियां चलाईं, जिनमें तीन सिर और दो पेट में लगीं।

पुलिस की शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश का एंगल सामने आ रहा है। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

डीसीपी काशी गौरव बंसवाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। फॉरेंसिक टीम की मदद से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें