वाराणसी में जमीन के नाम पर 11 लाख की ठगी, मां-बेटे पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी के राजातालाब क्षेत्र में एक मां-बेटे द्वारा जमीन बेचने के नाम पर 11 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। कचनार गांव निवासी भोलानाथ जायसवाल ने लखनऊ की रहने वाली श्रेया मिश्रा और उनके बेटे आयुष्मान मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाते हुए राजातालाब थाने में तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जमीन दिखाकर दिलाया भरोसा, ले लिए 11 लाख रुपये

भोलानाथ जायसवाल ने बताया कि उनकी पहचान पहले से ही लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र, विष्णुलोक कॉलोनी निवासी श्रेया मिश्रा और आयुष्मान मिश्रा से थी। दोनों ने मिलकर उन्हें ग्राम बेटसा, लखनऊ स्थित भूखंड संख्या 08, खसरा संख्या 27, रकबा 960 वर्गफीट का प्लॉट बेचने का भरोसा दिलाया।

श्रेया मिश्रा ने किस्तों में कुल 11 लाख रुपये लिए—

  • 11 जनवरी 2023: चेक के माध्यम से 1 लाख रुपये

  • 16 जनवरी 2023: बैंक ट्रांजेक्शन से 6 लाख रुपये

  • 4 लाख रुपये नकद

इन पैसों के बदले उन्होंने एक रजिस्टर्ड अनुबंध पत्र तैयार कराया और जल्द ही विक्रय पत्र रजिस्टर्ड कराने का भरोसा दिया था।

विरोध करने पर धमकी भी दी

जायसवाल के अनुसार, लंबे समय तक बहाने बनाकर काम टालने के बाद 8 मई 2025 को जब उन्होंने विक्रय की प्रक्रिया पूरी करने की बात कही तो श्रेया और आयुष्मान ने उन्हें गाली-गलौज की। साथ ही पैसे लौटाने या जमीन देने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, दोनों ने उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की भी धमकी दी।

मां-बेटे पर मुकदमा दर्ज

तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने श्रेया मिश्रा और आयुष्मान मिश्रा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें