बरेली में कोहरे के बीच भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने ई-रिक्शा को रौंदा, दो की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली में गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिठौरा स्थित राजश्री पेट्रोल पंप के पास हाईवे पर ट्रक ने ई-रिक्शा को कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पूरा ई-रिक्शा ट्रक के नीचे आ गया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

काम पर जाते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, नवाबगंज थाना क्षेत्र के यासीननगर निवासी हाशिम ई-रिक्शा चलाकर भोजीपुरा के गांव लाडपुर काम पर जा रहे थे। ई-रिक्शा में रिछोला निवासी सलीम, नसरुद्दीन और रहीसद्दीन उर्फ मंझले सवार थे। सभी लोग बोरिंग का काम करते थे।

रिठौरा स्थित राजश्री पेट्रोल पंप के पास ट्रक चालक हाईवे पर यू-टर्न ले रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ई-रिक्शा को ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया।

ट्रक के नीचे दबा ई-रिक्शा, चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद ट्रक चालक ने वाहन नहीं रोका, जिससे ई-रिक्शा ट्रक के नीचे घिसटता चला गया और पूरी तरह कुचल गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना पर रिठौरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से ट्रक हटवाकर ई-रिक्शा में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इस दौरान ई-रिक्शा चालक हाशिम और सलीम की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

दो घायल अस्पताल में भर्ती

हादसे में नसरुद्दीन और रहीसद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। शवों की हालत देखकर परिजनों का बुरा हाल हो गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे वाली जगह पर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है और सुबह के समय घना कोहरा भी था, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें