वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर–नेवादा मार्ग पर बीती रात ऑटो चालक की गला रेतकर निर्मम हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने मिठाई की दुकान में छिपे आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया। हालांकि पुलिस कस्टडी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस की पिस्टल छीन ली और फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस मुठभेड़ में आरोपी को लगी गोली
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि ऑटो चालक की हत्या पेपर काटने वाली ब्लेड से गला रेतकर की गई थी। आरोपी विष्णु यादव को घटना के तुरंत बाद दौड़ाकर पकड़ लिया गया था। पुलिस कस्टडी में आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस की पिस्टल छीनकर टीम पर फायर कर दिया। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण के लिए कहे जाने के बावजूद आरोपी नहीं माना, जिसके बाद जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई।
अस्पताल में इलाज, आज भेजा जाएगा जेल
एसीपी ने बताया कि घायल आरोपी विष्णु यादव का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालत स्थिर होने पर उसे जेल भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक मृतक ऑटो चालक की पहचान नहीं हो सकी है। ऑटो के मालिक को सूचना दे दी गई है और उनसे संपर्क किया जा रहा है।
मधुबन लॉन के सामने हुई वारदात
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक ऑटो से उतरते ही चालक लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर पड़ा। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी विष्णु यादव ब्लेड फेंककर पास की मिठाई की दुकान में छिप गया, फिर वहां से अपने घर में जाकर छुपने की कोशिश की। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उसे पकड़ लिया और घायल चालक को तत्काल ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंचे डीसीपी क्राइम
घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी क्राइम सरवणन टी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। ऑटो मालिक अशोक विहार कॉलोनी का रहने वाला बताया जा रहा है, जिससे संपर्क साधा जा रहा है।










