दिल्ली एयरपोर्ट पर हादसा, लैंडिंग के बाद AIR इंडिया के विमान में लगी आग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार को एअर इंडिया की हांगकांग से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI 315 में लैंडिंग के तुरंत बाद आग लग गई। विमान जैसे ही गेट पर रुका, उसके पिछले हिस्से में स्थित ऑक्जिलरी पावर यूनिट (APU) में अचानक आग भड़क उठी।

एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, गनीमत रही कि उस वक्त यात्री विमान से उतरने की प्रक्रिया में थे। इसलिए इस घटना में किसी को चोट नहीं पहुंची। चालक दल और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

APU यानी ऑक्जिलरी पावर यूनिट एक सहायक इंजन होता है, जो विमान के खड़ा रहने के दौरान बिजली और एयर कंडीशनिंग जैसी सेवाएं देता है। यह उड़ान के दौरान मुख्य इंजन की तरह कार्य नहीं करता लेकिन ग्राउंड ऑपरेशन्स में इसकी भूमिका अहम होती है।

एअर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि घटना में विमान को थोड़ा नुकसान जरूर हुआ है, लेकिन समय रहते सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए। विमान को जांच के लिए रोक दिया गया है और DGCA को भी सूचित किया गया है।

यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब हाल ही में एअर इंडिया को सुरक्षा मानकों में कमी को लेकर 9 कारण बताओ नोटिस मिल चुके हैं। पिछले महीने एयरलाइन की एक लंदन जाने वाली फ्लाइट टेकऑफ के तुरंत बाद हादसे का शिकार हो गई थी, जिसमें 260 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद DGCA ने बोइंग 787-8/9 विमानों की विशेष जांच के आदेश दिए थे।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें