लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव राजधानी लखनऊ में आयोजित एक रोजा इफ्तार पार्टी में शामिल हुए। यह आयोजन Naseemuddin Siddiqui की ओर से किया गया था, जिसमें Maulana Khalid Rasheed Farangi Mahli सहित कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने शिरकत की।
इफ्तार के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
गंगा क्रूज इफ्तार मामले पर उठाए सवाल
वाराणसी में गंगा क्रूज पर इफ्तार करने वाले मुस्लिम युवकों पर दर्ज FIR को लेकर अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि “नाव पर इफ्तार क्यों नहीं मना सकते? यह लोगों के बीच दूरियां पैदा करने की कोशिश है।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “डीएम, एसपी और एसओ को भी अच्छा खाना खिलाना चाहिए था… हथेली गरम, पुलिस नरम।”
अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रशासन सरकार को खुश करने के लिए इस तरह की कार्रवाई कर रहा है। साथ ही उन्होंने गंगा में प्रदूषण के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि बड़े जहाजों से होने वाले प्रदूषण पर क्या कार्रवाई हुई।
LPG संकट और महंगाई पर सरकार घिरी
सपा प्रमुख ने एलपीजी गैस की बढ़ती समस्या को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर यही स्थिति रही तो व्यापार पर इसका बड़ा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा, “हम अफवाह नहीं फैला रहे, बल्कि जानकारी दे रहे हैं। जनता जानती है कि असली अफवाह कौन फैला रहा है।”
कानून-व्यवस्था और गोरखपुर का मुद्दा
अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने गोरखपुर में लगातार हो रही घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि वहां आए दिन अपराध हो रहे हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “जब मुख्यमंत्री गोरखपुर जाते हैं, तो लॉ अलग ले जाते हैं और ऑर्डर अलग ले जाते हैं।”
बंगाल चुनाव और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिप्पणी
पश्चिम बंगाल के संदर्भ में उन्होंने कहा कि वहां प्रशासनिक अधिकारियों के हटाए जाने के बावजूद जनता ममता बनर्जी को ही चुनने जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर लोगों को परेशान किया गया और अभी भी मतदाता सूची पूरी तरह तैयार नहीं है।
इफ्तार के मंच से अखिलेश यादव ने एक बार फिर साफ किया कि आने वाले चुनावों में उनकी पार्टी सरकार को हराने के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी।










