मऊ जिले की चर्चित घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक सुधाकर सिंह का गुरुवार सुबह लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की पुष्टि उनके बेटे डॉ. सुजीत सिंह ने की। उनके जाने से पूरे प्रदेश के राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
तबीयत बिगड़ने के बाद लखनऊ में चल रहा था इलाज
67 वर्षीय सुधाकर सिंह की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को दिल्ली में उमर अंसारी (मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे) के रिसेप्शन से लौटने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। स्थिति अधिक गंभीर होने पर उन्हें मंगलवार को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही थी। लेकिन गुरुवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके बेटे डॉ. सुजीत ने बताया कि स्वास्थ्य लगातार गिर रहा था और पूरी कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
हाल ही के उपचुनाव में दर्ज की थी बड़ी जीत
सुधाकर सिंह हाल ही में हुए घोसी उपचुनाव में अपनी धमाकेदार जीत के कारण सुर्खियों में रहे थे। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार दारा सिंह चौहान को भारी अंतर से हराकर सीट अपने नाम की थी। घोसी क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ थी और वे सपा के जमीनी नेताओं में गिने जाते थे।
2022 विधानसभा चुनाव में भी वह सपा के प्रबल दावेदार थे। हालांकि ऐन वक्त पर पार्टी ने उनका टिकट काटकर दारा सिंह चौहान को उम्मीदवार बना दिया था। इसके बाद जब दारा सिंह ने दोबारा दल बदलकर भाजपा का दामन थामा, तो 2023 में उपचुनाव हुआ जिसमें सुधाकर सिंह ने शानदार जीत हासिल की।
राजनीतिक सफर और योगदान
सुधाकर सिंह लंबे समय से राजनीति में सक्रिय थे और घोसी क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ थी। वे अपने क्षेत्र के लोगों के बीच लोकप्रिय और सहज नेता के रूप में जाने जाते थे। उनके निधन से घोसी ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की राजनीति को एक बड़ा नुकसान पहुंचा है।
अखिलेश यादव ने जताया शोक
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।
उन्होंने एक्स पर लिखा, घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावभीनी श्रद्धांजलि!”










