मुंबई महानगरपालिका चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने बड़ा फैसला कर लिया है। मंगलवार को महाराष्ट्र सपा अध्यक्ष और मानखुर्द-शिवाजी नगर के विधायक अबू आजमी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि पार्टी अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी और 150 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। यह ऐलान दिल्ली स्थित महाराष्ट्र सदन में किया गया, जिसे महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी (एमवीए) के लिए एक झटके के रूप में देखा जा रहा है।
एमवीए में शामिल कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) और शरद पवार की पार्टी के साथ सपा भी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है, लेकिन अबू आजमी के इस बयान ने संकेत दे दिया है कि सपा इस चुनाव में किसी गठबंधन के तहत नहीं, बल्कि स्वतंत्र रूप से मैदान में उतरेगी।
अकेले लड़ने का कारण और विचारधारा
अबू आजमी ने कहा, “हमारी विचारधारा है कि हिंदू-मुस्लिम भाईचारे के साथ रहें, सांप्रदायिकता का अंत करें। मस्जिद में अजान हो, मंदिर में पूजा हो, और सभी ‘सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तां हमारा’ गाएं। लेकिन वर्तमान सत्ता में बैठे लोग इस सद्भावना को खत्म करना चाहते हैं, इसलिए सपा अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।”
कांग्रेस पर निशाना
राज ठाकरे के लाउडस्पीकर विवाद पर पूछे गए सवाल के जवाब में आजमी ने कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “जब हमारा मुद्दा होता है, कांग्रेस चुप रहती है। यही उनका दोगलापन है।”
एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की नाराजगी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, “बीजेपी को सोचना चाहिए कि शिंदे साहब ने ही उनकी सरकार बनाई थी। उन्होंने एक चलती हुई सरकार गिरा दी थी। उस समय वो बहुत अच्छे थे, अब क्या हुआ?”
किसानों के मुद्दे पर चिंता
आज़मी ने किसानों और मजदूरों की बदहाल स्थिति पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, “किसान देश की रीढ़ है। अगर किसान परेशान रहेगा तो देश भी खुशहाल नहीं रह सकता। हर सरकार किसानों के हित की बात करती है, लेकिन आत्महत्या के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।”










