Azamgarh : नीलगाय को बचाने की कोशिश में स्कॉर्पियो की पेड़ से टक्कर, दो युवकों की मौत, दो की हालत नाजुक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Azamgarh : गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्रा बाजार-मेहनगर मार्ग पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब स्कॉर्पियो सवार युवकों का वाहन अचानक सामने आई नीलगाय से बचने के चक्कर में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ा।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को मोहम्मदपुर पीएचसी पहुंचाया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।

काम से लौटते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार नगरइया जहानपुर गांव निवासी संतोष (28) अपने दोस्तों गोविंद यादव (22), मुनीब यादव (22) और बबलू (20) के साथ किसी काम से मेंहनगर के जाफरपुर गए थे। चारों स्कॉर्पियो से घर लौट रहे थे कि चेवारिया के पास अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई। ड्राइवर ने जानवर को बचाने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी का नियंत्रण बिगड़ गया और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पेड़ से जा टकराई।

मौके पर ही हो गई दो की मौत

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। इस भीषण दुर्घटना में गोविंद यादव और मुनीब यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि संतोष और बबलू गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने दोनों को फौरन अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि मृतक मुनीब यादव की शादी मात्र 11 महीने पहले हुई थी।

थाना प्रभारी बोले– गाड़ी मालिक की पहचान की जा रही

गंभीरपुर थाना प्रभारी बसंत लाल ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्कॉर्पियो किसकी थी, इस बारे में फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है, जांच की जा रही है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें